अगहन मास अग्गम को महीना
मार्गशीर्ष मास पर विशेष अगहन मास अग्गम को महीना @मानव कार्तिक-पुण्य-प्रवाह की विदाई करके, हेमंत ऋतु में विस्तरित मार्गशीर्ष मास, वर्ष-चक्र में अग्रगण्य, भगवान की विभूति वाला गौरव समेटे, लोक अग्गम, नक्षत्र आधारित कालगणना वाली वैदिक गणना में प्रथम मास, लोक वाणी अगहन देवोत्थान का मंगलाचरण बाँचता है। खेतों में बीज-वपन व उनके अंकुरण का मास कृषकों के आनंद का साक्षी बनकर लोक को नवल विस्तार देता है; नई फसल नव चेतना का अर्थ सौंपती है जो उसकी वाणी में भी आकार पा जाती है। सौर चंद्र गणना वाले संवत्सर में पूर्णांक (नौ) वाला नवम मास भगवान की विभूति है; कार्तिक मास में तीर्थ-स्नान विधान के बाद भगवान की विभूति-स्वरूप मार्ग शीर्ष में प्रवेश, अपवित्रता से पवित्रता की ओर गमन है। राम विवाह का आनंद शीर्ष, मार्ग शीर्ष की शुक्ल पंचमी विवाह पंचमी रचती हैं तो शुक्ल एकादशी ज्ञान-भक्ति-कर्म-त्रिवेणी...