चंद्रमिशन और राखी

 चंद्रमिशन और राखी


        @मानव



चंद्र मिशन की उपलब्धि 

नारी शक्ति की उपलब्धि है, 

भारत की बेटियाँ

अब अनंत समझे जाने वाले

अंतरिक्ष को चुनौती दे रही हैं;

किसी देश की बेटियाँ

जब इतनी आकाँक्षी हो जाएं

तो उस देश को

विकसित होने से

कौन रोक सकता है?

   (प्रधानमंत्री मोदी)


निश्चितत: यह प्रगति का 

वह सोपान है

जहाँ हम कुछ खोते भी जा रहे हैं

संचार क्रांति के साथ

चाँद को छूने की चाहत ने 

व्यस्तता ऐसी बढ़ा दी है

कि इन बहनों की राखी 

भाइयों की कलाई पर 

भतीजियों के माध्यम से ही

पहुँच पा रही है।

ठीक वैसे

जैसे हम बाँध देते थे

पिता की सुनी कलाई पर

बुआ की भेजी गई राखी।


पर तब कारण दूसरा था 

संचार क्रान्ति से अछूता 

हमारा युग बुआ को 

गृहस्थी की जात में जोत कर

भाई तक पहुँचने नहीं देता था 

न फ्री बस सेवा थी

ना वीडियो कॉल

बस राखी के साथ भेजी गई

घर का हाल-चाल देती 

भाभी-भतीजों को याद करती 

दिल के तार जोड़ती

एक पन्ने की संक्षिप्त चिट्ठी 

स्मृति के कोने महका जाती।


राखी का त्योहार

आज भी मन रहा है 

बहन व भाई

दोनों के आँगन में;

पर बौराया मन

मृग मरीचिका के पीछे

भाग रहा है

और हम भतीजी से

बुआ बन चुके हैं।


 ~✍️मनोज श्रीवास्तव


Comments

Popular posts from this blog

रामकथा

'सीतायाः चरितं महत्'

आत्मा की समृद्धि का पर्व