एकात्मता,समरसता का मूल
एकात्मता,समरसता का मूल
@मानव
महाकुम्भ
हमारे गौरवशाली सँस्कृति
भारतीय समाज के धार्मिक,
साँस्कृतिक और सामाजिक
जीवन के प्रत्येक पहलू को सँजोए
केवल एक धार्मिक आयोजन
या स्नान का पर्व नहीं,
बल्कि समाज के सुधार,
सामाजिक समरसता
और आध्यात्मिक उन्नति का
महत्वपूर्ण मञ्च है,
जो प्रत्येक पीढ़ी को
अपनी जड़ों से जुड़ने का
अवसर प्रदान करता है।
यह सनातन की
ऐसी दिव्य परंपरा है,
जो कालांतर से आस्था
और मानवता के
सर्वोत्तम आदर्शों को
संगठित करती आ रही है।
सनातन की जड़ें इतनी गहरी हैं
कि यह न केवल व्यक्ति को,
बल्कि समाज और राष्ट्र को भी
दिशा प्रदान करता है।
यहाँ सँत-महात्मा
और ऋषि-मुनियों का सँगम होता है,
जो समाज का मार्गदर्शन
और व्याप्त समस्याओं का
समाधान प्रस्तुत करते थे।
कुम्भ न केवल व्यक्तिगत आस्था,
बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक है;
जहाँ सभी पँथ,जाति,वर्ग
और समुदायों के लोग एकत्र होते हैं।
इस एकता में न केवल
सामाजिक समरसता की
भावना होती है,
बल्कि यहाँ भारतीय सँस्कृति के
मूल्यों की भी अभिव्यक्ति होती है।
कुम्भ वह अवसर है,
जिसमें हम तनाव
और व्यक्तिगत समस्याओं को त्यागकर
आत्मशुद्धि के लिए
गङ्गा-स्नान करते हैं,
ताकि हमारी आत्मा पवित्र हो सके
और हम अंतर्मन की गहराई में जाकर
आत्म साक्षात्कार का प्रयास करें।
कुम्भ में एक-दूसरे के प्रति प्रेम,
सम्मान और भाईचारे का
भाव जाग्रत होता है,
यही है सनातन धर्म का संदेश
'वसुधैव कुटुंबकम
जिसमें संपूर्ण पृथ्वी परिवार है'।
कुम्भ में प्रत्येक व्यक्ति
अपने दायित्वों को आत्मसात कर
धर्म के प्रति जागरूक होता है;
क्योंकि सनातन के अनुसार,
जीवन केवल भौतिक सुखों के लिए नहीं,
अपितु आत्मा के शुद्धीकरण
और जीवन को उच्चतम आदर्शों पर
जीने के लिए है;
कल्पवासी इसी भाव को
जाग्रत करते हैं
और जीते हैं।
कुम्भ सिखाता है कि हर व्यक्ति में
समान दिव्यता
और परमतत्व का समावेश है,
फिर चाहे वह किसी भी
जाति,मत या समुदाय से हो।
कुम्भ दिव्य महोत्सव है,
क्योंकि यहाँ सब समान
और सबका सम्मान है,
यहाँ चारों ओर एक ही भाव व्याप्त है
कि किस माध्यम से
आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करें,
क्योंकि हम सभी
एक ही ब्रह्मांड का अंग हैं
और हमारा दायित्व है
कि दूसरों का सहयोग करें
और उनके सुख-दुख में
भागीदार बनें।
कुम्भ मानवता के
उच्चतम आदर्शों का प्रतीक है,
जो बताता है कि सच्ची पूजा
और धर्म वही है,
जो दूसरों के कल्याण के लिए
काम करे।
कुम्भ की हजारों वर्ष पुरानी आस्थाएँ
न केवल धार्मिक जीवन को,
बल्कि सामाजिक,साँस्कृतिक
व पर्यावरणीय जीवन को भी
प्रभावित करती हैं
जो एकात्मता,समरसता
और परंपराओं के संरक्षण का
प्रतीक है,
यह मानवता और पर्यावरण के प्रति
जिम्मेदारी का भी संदेश है।
✍️मनोज श्रीवास्तव

Comments
Post a Comment