पितर-परिचर्या का पुण्य
पितृपक्ष पर,
पितर-परिचर्या का पुण्य
@मानव
भारत की सनातन परंपरा
देवताओं,ऋषियों
और पितरों की पूजा का
विधान करती है।
पितृपक्ष में पितर
पितृलोक छोड़कर
पृथ्वी पर आ जाते हैं,
यह पितरों की परिचर्या करने का
अत्यंत प्रशस्त अवसर है।
तर्पण एवं श्राद्ध से तृप्त पितर
धन-धान्य,पुत्र-पौत्रदि का
आशीर्वाद देकर
पुनः स्वलोक चले जाते हैं।
यह व्यवस्था भारत के
अतिरिक्त कहीं भी नहीं है,
इसलिए भारत को
धर्मप्राण देश कहा जाता है।
पितरों के आशीर्वाद से ही
लौकिक समृद्धि
एवं वंश परंपरा की
निरंतरता बनी रहती है।
भारतीय सनातन सँस्कृति में
पितृपक्ष
एक धार्मिक अनुष्ठान के साथ
जीवन-दर्शन है।
यह वह दिव्य समय है
जब हम अपनी जड़ों से जुड़ते हैं,
उन पूर्वजों को स्मरण करते हैं
जिन्होंने हमें जीवन,सँस्कार,परंपरा
और मूल्य दिए।
श्राद्ध हमें वर्तमान
और भविष्य का नहीं,
बल्कि अतीत का भी
सम्मान करने का सँदेश देता है।
सँतानें अपने पितरों का
ऋण चुकाने के लिए जन्मती हैं।
पितृपक्ष में श्राद्ध,तर्पण
और पिंडदान से संतुष्ट पितर
संतानों को आशीर्वाद देते हैं।
पितृपक्ष हमें संदेश देता है
कि हम अकेले नहीं हैं,
बल्कि एक वंश,परंपरा
और विचारधारा की
निरंतर धारा का हिस्सा हैं,
यह हमारे ऋण-त्रय की स्मृति
और उनकी पूर्ति का माध्यम है।
जब हम पितरों का तर्पण करते हैं
तो कृतज्ञता का सँस्कार
अपने भीतर जागृत करते हैं;
यही कृतज्ञता हमें
दूसरों का सम्मान करना,
बड़ों की सेवा करना
और समाज के प्रति
उत्तरदायी बनना सिखाती है।
पितृपक्ष नई पीढ़ी को याद दिलाता है
कि उनके अस्तित्व के पीछे
अनगिनत त्याग,तपस्या
और बलिदान छिपे हैं;
पितरों को भूलना,
जड़ों को बिसराना है।
पितृपक्ष यह भी सँदेश देता है
कि मृत्यु अँत नहीं,
बल्कि यात्रा का एक पड़ाव है;
आत्मा,अमर है
और पूर्वजों का आशीर्वाद
हर पीढ़ी के जीवन में
प्रवाहित होता रहता है।
इस भाव को आत्मसात करना
युवाओं को आध्यात्मिक दृढ़ता देता है,
जिससे वे जीवन की
चुनौतियों का सामना
धैर्य और संतुलन के साथ कर सकते हैं।
हिन्दू संस्कृति में पितरों को
देवताओं से भी पहले
स्मरण करना
हमें संदेश देता है
कि परिवार केवल
रक्त संबंधों का नाम नहीं,
बल्कि संस्कारों
और मूल्यों की निरंतरता है।
पितृपक्ष ऐसा पर्व है
जो अतीत,वर्तमान
और भविष्य को जोड़ता है;
यह हमें हमारे पितरों की
स्मृति का स्मरण करने
और उनके आशीर्वाद से
आगे बढ़ने का अवसर देता है।
यह केवल तर्पण
और पिंडदान का समय नहीं,
बल्कि जीवन के सत्य को
समझने की साधना भी है।
पितृपक्ष हमें सँदेश देता है
कि जीवन का सच्चा अर्थ
केवल आगे बढ़ना नहीं,
बल्कि अपनी जड़ों का
स्मरण करना,
उन्हें पोषित करते हुए,
नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ना है।
(आलोक-
ऋण-त्रय-
देवऋण,ऋषिऋण
और पितृऋण)
✒️मनोज श्रीवास्तव

Comments
Post a Comment