प्रकाश और अंधकार
प्रकाश पर्व पर
प्रकाश और अंधकार
@मानव
प्रकाश
ज्ञान और संवृद्धि का प्रतीक है;
ज्ञान मनुष्य को
सार्वभौम शक्ति से
तादात्म्य स्थापित करने में
सहायक होते हैं।
इसीलिए आध्यात्मिक
और बौद्धिक सामर्थ्य को
सर्वत्र विशेष सम्मान मिलता है।
अंधकार यानी अज्ञानता से
ज्ञान की ओर प्रशस्त रहने का
आह्वान आदिग्रंथों में है-
तमसो मा ज्योतिर्गमय।
प्रकाश जीवन में
ऊर्जा,उत्साह,उल्लास का
संचार करता है,
यह दैनंदिन जीवन में
अनायास पसर जाती
एकरसता के निराकरण के लिए
अनिवार्य है।
दीप प्रज्वलन की प्रथा
प्रकाश की स्तुति है।
दीप पर्व का आशय
बाहरी परिवेश से इतर
आंतरिक स्वरूप को
निखारना-तराशना है।
उस अबूझ परमशक्ति का
सूक्ष्मांश है मनुष्य
जिसमें अंततः उसका
विलय होना है।
समय चलायमान है;
प्रकाश की चकाचौंध में
अंधकार को हेय समझना
अज्ञानता है।
परस्पर विरोधी परिस्थितियाँ
एक-दूसरे की पूरक होती हैं।
सुख-दुख,जय-पराजय,
लाभ-हानि,दिन-रात,
दोनों मिल कर एक संपूर्ण अस्मिता
निर्मित करती हैं।
बाधाएं,दुख न आएं,
तो सुख की अनुभूति
असंभव होगी।
दिनभर चमकता सूर्य
संध्या के धुंधलके के समक्ष
समर्पण कर देता है।
दीप पर्व में संदेश है
कि प्रकाश से मोह उचित नहीं,
यह राह प्रशस्त तो करता है,
किंतु अंधकार भी स्वीकार करें,
क्योंकि तारे इसी अवधि में
प्रकट होते हैं।
✒️मनोज श्रीवास्तव

Comments
Post a Comment