माटी का दीया
माटी का दीया @मानव जीवन में अनवरत संघर्ष से ही सफलता प्राप्त होती है; इस लड़ाई में हमारी सामर्थ्य से अधिक हमारे धैर्य की परीक्षा होती है; सामर्थ्य कम हो तो भी अडिग धैर्य सफलता-सूर्य के दर्शन करवा ही देता है। दीये एक गहरे सांस्कृतिक और भावनात्मक इतिहास के वाहक हैं, ये हमारे भीतर बसे आध्यात्मिक अंधकार को भी दूर करने का निमित्त बनते हैं। मिट्टी की महक और घी या तेल से सिक्त इन दीयों की लौ हमारे मन के हर कोने में रोशनी की एक नई लकीर खींच देती है। दीये अपने भीतर आत्मनिर्भरता और सादगी के प्रतीक होते हैं; मिट्टी से बना छोटा सा दीया असीम ऊर्जा और प्रकाश को प्रकट करता है। इसके जीवन की सरलता, विनम्रता और शाँति का द्योतक है; जो हमें याद दिलाता है कि बाह्य आडंबर और तड़क-भड़क की तुलना में सरलता एवं सहजता अधिक स्थायी और प्रिय होती है। दीये का संघर्ष अनोखा है; वह एक छोटी सी बाती और तेल को साथ लेकर घनघोर तिमिर से लड़ने को डट पड़ता है। चतुर्दिक व्याप्त अंधकार की शक्ति असीम है, वह...